Antarang - The Shades of life

▼

Friday, 1 November 2019

Kavita

मैं चाहती हूँ कि तुम यह एक बात जान लो
तुम जानते हो कि यह सब कैसे हुआ
यदि मैं अपनी खिड़की से धीरे-धीरे उतरते वसंत में
लाल टहनी पर टंगे चमचमाते चाँद की ओर देखती हूँ
अगर मैं आतिशदान में पड़ी राख को छेड़ती हूँ
या कि झुर्रियों में तब्दील हो चुके लट्ठे को
हर चीज मुझे तुम्हारी ओर खींचकर ले जाती है
गोया कि हर जो चीज अस्तित्व में है,
खुशबू, धूप, धातुएँ
सब छोटी-छोटी कश्तियाँ हैं
जो तैरती हुई तुम्हारे उस द्वीप की ओर जाती हैं
जो मेरा इंतजार कर रहा है।
चलो अब
अगर तुम थोड़ा-थोड़ा करके मुझे प्रेम करना बंद कर रहे हो
तो मुझे भी तुम्हे थोड़ा-थोड़ा करके प्यार करना बंद कर देना चाहिए।
यदि तुम एकाएक मुझे भूल जाओ तो मुझे मत ढूँढना
क्योंकि तब तक मैंने तुम्हें थोड़ा-थोड़ा करके
प्यार करना बंद कर दिया है।
यदि तुम इस पर गहराई से सोचते हो और पागल हो उठते हो
मेरी जिंदगी के मकामों से जो हवा गुजरती है
और तुम निर्णय लेते हो
मुझे दिल के उस तट पर छोड़ देने का,
जहाँ मेरी जड़ें जमी हुई हैं।
याद रखना
कि उस दिन
उस वक्त में
मैं अपनी बाहें उठाउँगी और जड़ें उखड़ आएँगी
कोई और जमीन तलाशने के लिए।
किंतु,
यदि हर दिन,
हर वक्त
तुम सोचते हो कि तुम मेरी नियति हो
यदि हर दिन एक फूल तुम्हारे होठों की
अतुलनीय मिठास पाने के लिए उमग कर एड़ियाँ उठाता है
ओह, मेरे प्यार, मेरे अपने,
मेरे अंदर वह पूरी आग फिर दोहराई जा रही है
मुझमें कुछ भी बुझा नहीं है, कुछ भूला नहीं है,
मेरी प्रिय, मेरा प्यार तुम्हारे प्यार के दम पर जिंदा है,
और जब तक तुम जिंदा रहोगे यह तुम्हारे आगोश में रहेगा,
मुझे छोड़े बगैर।

------

तुम्हारा नाम लिखना चाहती था
पर उस ख़त को पुरवा बयार ले उड़ी
मैं प्यार नहीं लिख पायी
पर वह प्यार भावनाओं में बिखरा
उस ख़त के साथ है
मुझे यकीन है एक दिन वह तुम्हारे पास पहुँचेगा
तब तुम शब्द मत पढ़ना
भाव देखना
तुम्हें प्रेम की एक पूरी कविता दिखेगी
और दिखेगा सतरंगी आकाश
एक कलकल बहती नदी दिखेगी
और एक फूला हुआ पलाश
तुम्हें एक अतीत दिखाई देगा
और दिखेगा आभास
प्रेम ऐसा ही दिखता है
शायद तुम्हें मैं भी दिखूँ
तुम शब्द मत पढ़ना
भाव देखना
क्योंकि ख़त खाली है
और मैं भी ..........

By

Pradnya Rasal

India





Pradnya Rasal.....Nagar

No comments:

Post a Comment

‹
›
Home
View web version
Powered by Blogger.